
जबलपुर। विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट की संगमरमरी वादी में नर्मदा महोत्सव 2025 का शुभारंभ नर्मदा पूजन के साथ हुआ। दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध भजन गायिका अभिलिप्सा पांडा ने महादेव को समर्पित भजन गाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत माँ नर्मदा की पूजा अर्चना से शुरू हुई।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड, जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा जिला प्रशासन, जिला पंचायत, नगर निगम जबलपुर, नगर परिषद भेड़ाघाट एवं जबलपुर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित किये जा रहे नर्मदा महोत्सव के पहले दिन रविवार की सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण “हर हर शंभु” फेम पूरी की अभिलिप्सा पांडा के भजन रहे। नर्मदा महोत्सव का यह 22वां आयोजन है।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत कटनी के युवराज सिंह के शास्त्रीय गायन से हुई । इसके बाद जबलपुर की सुश्री कामना नायक एवं उनके समूह के कलाकारों ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी । राजस्थान के जवाहरनाथ एवं समूह द्वारा कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति ने भी दर्शकों को प्रभावित किया।
नर्मदा महोत्सव में इस बार भी आयोजन स्थल पर व्यंजन मेला का आयोजन तथा हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई है।
छायाचित्र प्रतियोगिता सुगनचंद को प्रथम स्थान
महोत्सव का विशेष आकर्षण फोटोग्राफी प्रतियोगिता रही जिसमें लगभग 50 प्रतिभागियों ने माँ नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरे में कैद किया । सुगनचंद के छायाचित्र को प्रथम स्थान मिला वहीं गौरव यादव द्वितीय और ए राजेश्वर राव का छायाचित्र तृतीय स्थान पर रहा।
राहुल पंडित, अमित सोनी और विवेक पाण्डेय को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडल में एडीएम नाथूराम गोंड, क्षेत्रीय प्रबंधक, एमपीटी संजय मल्होत्रा, एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह, जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक आनंद जैन, वरिष्ठ छायाकार मुकुल यादव तथा राजेश मालवीय शामिल रहे।
पुरस्कार वितरण सोमवार को नर्मदा महोत्सव के दौरान होगा। प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7,100 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5,100 रुपये और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
आज लक्खा देंगे प्रतुति
सोमवार को सांस्कृतिक संध्या में शाम 7.30 बजे संस्कार भारती जबलपुर की ओर से कमलेश यादव एवं उनके समूह द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती पर केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जायेगी। शाम 7.45 बजे राजस्थान के जवाहर नाथ ग्रुप द्वारा चरी और घूमर नृत्य की प्रस्तुत किये जायेंगे। रात 8.05 बजे से मधुबनी की सुश्री मैथिली ठाकुर तथा रात 9 बजे से पंजाब के लखवीर सिंह लक्खा द्वारा भजनों का गायन होगा।
नर्मदा महोत्सव के दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह होंगे। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह एवं डॉ अभिलाष पांडे, नगर निगम जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नु एवं भेडाघाट नगर परिषद के अध्यक्ष चतुर सिंह विशिष्ट के रूप में मौजूद रहेंगे।