DSP के इंजीनियर साले के साथ मारपीट करने वाले दो पुलिसकर्मियों के विरूद्ध हत्‍या का प्रकरण दर्ज

भोपाल। बैंक कॉलोनी बाग दिलकुशा निवासी राजकुमार के 22 वर्षीय बेटे उदित के साथ पिपलानी थाने के आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य ने मारपीट की जिससे उसकी जान चली गई। इस मामले में दोनों आरोपी पुलिसकर्मी सौरभ आर्य और संतोष बामनिया के विरूद्ध हत्‍या का मामला दर्ज किया गया। यह घटना गुरूवार रात की है।

घटना की जानकारी मिलते ही सबसे पहले दोनों पुलिसकर्मी संतोष और सौरभ को निलंबित कर दिया गया। शनिवार 11 अक्‍टूबर को उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई। उदित बालाघाट में तैनात डीएसपी केतन अडलक का साला था। सीएम मोहन यादव ने इस मामले में कड़ा निर्देश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है। अपराध करने वाला कोई भी हो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

यह प्रकरण दर्ज

पिपलानी थाने में दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया। पुलिस कर्मी आरोपी सौरभ आर्य व संतोष बामनिया के विरूद्ध भारतीय न्‍याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 115(2), 103(1),3(5) बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

यह था मामला

उदित बेंगलुरू में जॉब करता था। वह डिग्री लेने के लिए भोपाल आया और कॉलेज गया था। कॉलेज से लौटने के बाद वह दोस्‍तों के साथ कार में पार्टी करने लगा। रात का वक्‍त था, इसी दौरान आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य वहां पहुंचे जिनको देखकर उदित भागने लगा। उसे एक पुलिसकर्मी ने पकड़ लिया और जहां इनकी पार्टी चल रही थी वहां लेकर आए और लाठी से मारपीट की।

उदित को पिटता देख उसके दोस्‍त भाग गए। बाद में उदित के दोस्‍त उसे अस्‍पताल लेकर गए तो डॉक्‍टरों ने उदित को मृत घोषित कर दिया। दोस्‍तों ने इस घटना की जानकारी उदित के पिता को दी। इस मामले की रिपोर्ट पिपलानी थाने में दर्ज कराई गई।