गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में देव दीपावली – दीप उत्सव 2025 का भव्य आयोजन

जबलपुर। 5 नवम्बर 2025 (बुधवार) को भगवान गुप्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में देव दीपावली – दीप उत्सव 2025 का भव्य आयोजन परम पूज्य गुप्तेश्वर पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी मुकुंद दास जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और प्रकाश का अद्भुत संगम देखने को मिला।

हजारों दीपों की रोशनी से जगमगाया परिसर

पूरे मंदिर परिसर को हजारों दीपों की ज्योतियों से सजाया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिभाव और प्रकाश से आलोकित हो उठा। दीपों की पंक्तियों से मंदिर परिसर स्वर्गिक दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। भक्तों ने “हर हर महादेव” के जयघोषों से पूरा परिसर गुंजा दिया।

बाल सहभागिता और प्रतियोगिताएं

बच्चों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता और दीप सजावट प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया गया। नन्हे कलाकारों की सृजनात्मकता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विजेता प्रतिभागियों को समिति द्वारा पुरस्कार और सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

महाआरती और आतिशबाजी से गूंजा वातावरण

संध्या 7 बजे भगवान भोलेनाथ की महाआरती संपन्न हुई। आरती के बाद रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने दीपोत्सव की शोभा को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित भगवान गुप्तेश्वर महादेव के चरणों में दीप प्रज्वलित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

सेवा समिति का आभार

गुप्तेश्वर सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इस दिव्य आयोजन को सफल और यादगार बनाया। भक्तों ने कहा कि यह दीपोत्सव केवल रोशनी का नहीं, बल्कि भक्ति, प्रेम और एकता का पर्व है।

Back to top button