
पटना। हार में दूसरे चरण की वोटिंग आज 11 नवंबर को होगी। दूसरे चरण का मतदान 20 जिलों में 122 सीटों के लिए होगा। इसमें 1302 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं।
इस चरण में 3.70 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। दूसरे चरण की वोटिंग के लिए 45399 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 6 नवंबर को हुए पहले चरण के मतदान में करीब 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें समस्तीपुर में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 71.74 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, राजधानी पटना में सबसे कम 59.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
प्रतिष्ठा दांव पर
दूसरे चरण में भी एनडीए और महागठबंधन की कई सीटों पर प्रतिष्ठा दांव पर है। पहले चरण में राजद के 73 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता ईवीएम में बंद कर चुके हैं, जबकि दूसरे चरण में उसके 70 उम्मीदवारों का फैसला मतदाता करने वाले हैं। इसी तरह, दूसरे चरण में भाजपा के 53 उम्मीदवारों के भी भाग्य का फैसला होगा।
पहले चरण में भाजपा के 48 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। एनडीए के प्रमुख दल जदयू के भी 44 उम्मीदवारों की किस्मत भी दूसरे चरण में दांव पर लगी है, जबकि लोजपा (रामविलास) के भी 29 में से 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भी चार उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इस चरण के चुनाव में होना है। पहले चरण में इनके दो उम्मीदवार थे। इधर, महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के भी 37 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।
फोटो: ईसीआई