मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी में समस्याओं का हो समाधान, अभियंता संघ ने ऊर्जा मंत्री को भेजा पत्र

अत्यधिक कम मानव संसाधन के सहारे चल रही पारेषण व्यवस्था

जबलपुर। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल अभियंता संघ ने ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी वर्तमान में अपने स्वीकृत मानव संसाधन के मात्र 30–35% कार्मिकों के साथ पूरे राज्य की अति उच्च दाब पारेषण व्यवस्था का संचालन कर रही है।

अभियंता संघ के अनुसार 220 केवी सबस्टेशन सतना में हाल ही में हुई दुर्घटना भी मानवबल की कमी, उपकेंद्रों पर अप्रशिक्षित लाइन स्टाफ की नियुक्ति तथा अत्यधिक कार्यभार के कारण उत्पन्न दबाव का प्रत्यक्ष परिणाम है।

एक अधिकारी पर दो–तीन सबस्टेशन का अतिरिक्त बोझ

संघ ने बताया कि पारेषण कंपनी में एक ही अधिकारी को दो–तीन सबस्टेशनों या कार्यालयों का अतिरिक्त प्रभार दिया जाता है, जो न केवल अव्यावहारिक है बल्कि विद्युत सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत जोखिमपूर्ण भी है।

ऐसी परिस्थिति में किसी भी दुर्घटना के बाद संबंधित अधिकारी पर FIR सहित व्यक्तिगत कार्रवाई का भार डाल दिया जाता है, जबकि यह प्रबंधन की ज़िम्मेदारी है कि पर्याप्त मानवबल और सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ।

सीमित मैनपावर और बाह्यश्रोत व्यवस्था पर निर्भरता

अभियंता संघ के महासचिव ने बताया कि अति उच्च दाब विद्युत तंत्र का संचालन कंपनी के अत्यंत कम मैनपावर और अकुशल बाहरी कर्मियों पर निर्भर हो गया है। इसके कारण पिछले वर्षों में विद्युत दुर्घटनाएँ, ट्रांसफार्मर फेलियर, टावर ध्वस्त होने और आपूर्ति बाधित होने जैसी घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि वर्तमान संसाधन और मानवबल इतने विशाल पारेषण नेटवर्क को सुरक्षित रूप से संचालित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, इसलिए बाह्यश्रोत आधारित नीति पर पुनर्विचार किया जाना आवश्यक है।

अत्यधिक कार्यभार से प्रभावित दक्षता और स्वास्थ्य

संघ ने बताया कि मैदानी और कार्यालय स्तर पर कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अत्यधिक कार्यभार और संसाधनों की कमी में काम कर रहे हैं। इसका सीधा असर उनके मनोबल, कार्य दक्षता और मानसिक–शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

अक्सर तकनीकी गड़बड़ी या किसी अवांछित घटना के बाद दोष सीधे मैदानी कार्मिकों पर डाल दिया जाता है, जबकि प्रबंधन का कर्तव्य है कि उन्हें पर्याप्त संसाधन और सुरक्षित माहौल मिले।

अभियंता संघ की मांगें

अभियंता संघ ने मांग की है कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही सतना में पदस्थ सहायक अभियंताओं के निलंबन को भी वापस लिए जाने की अपील की गई है, ताकि अभियंता सीमित संसाधनों के बावजूद भयमुक्त वातावरण में अपनी सर्वोत्तम सेवाएँ प्रदान कर सकें।

Back to top button