पन्ना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 किलो से अधिक गांजा के साथ 03 तस्कर गिरफ्तार

पन्ना। औडिशा से गांजा लाकर पन्ना जिले में विक्रय करने वाले 03 आरोपियों को पन्ना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 18 किलो 48 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 04 लाख 50 हजार रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त एक बिना नम्बर की मोटरसाइकिल जप्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश

पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को मादक पदार्थ (गांजा) के परिवहन, विक्रय, उत्पादन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में समस्त थाना क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं।

प्रकरण-01: थाना कोतवाली

22 दिसंबर को थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रोहित मिश्रा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति औडिशा की ओर से गांजा विक्रय करने हेतु पन्ना आ रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम गठित की गई। पुराना पन्ना क्षेत्र, पन्ना-अजयगढ़ मार्ग से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर कालसे, उम्र 40 वर्ष, निवासी भांजीवाड़ा, जिला बौध (औडिशा) बताया। तलाशी में 18 पैकेट, एक बोतल एवं एक प्लास्टिक डिब्बा मिला, जिनमें कुल 12 किलो 508 ग्राम सूखा गांजा पाया गया। आरोपी ने बताया कि वह गांजा औडिशा से सस्ते दामों में लाया था।

प्रकरण-02: थाना गुनौर

थाना प्रभारी गुनौर निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री को सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति बिना नम्बर की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने सिली मोड़ पुलिया के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हरिशंकर पटेल, उम्र 24 वर्ष, एवं खुमान उर्फ हल्के पटेल, उम्र 42 वर्ष, निवासी झमटुलिया, थाना बमीठा, जिला छतरपुर बताया। मोटरसाइकिल पर रखे बैग से 05 किलो 540 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

जप्त सामग्री एवं कार्रवाई

दोनों प्रकरणों में कुल 18 किलो 48 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा एवं एक बिना नम्बर की मोटरसाइकिल जप्त की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। संबंधित थानों में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।

सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित मिश्रा, थाना प्रभारी गुनौर निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री, चौकी प्रभारी सिविल लाइन उप निरीक्षक मनोरमा मोर्य, थाना कोतवाली एवं गुनौर पुलिस टीम तथा साइबर सेल पन्ना का सराहनीय योगदान रहा।

Back to top button