
जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) मुख्यालय, जबलपुर के प्लानिंग एवं डिजाइन विभाग द्वारा की गई तकनीकी योजना, सिस्टम स्टडी एवं सबस्टेशन लेआउट के अनुकूलन के आधार पर भोपाल मेट्रो परियोजना के लिए 220 केवी सबस्टेशन गोविंदपुरा, भोपाल में 200 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना कर उसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया है।
मेट्रो संचालन के लिए सुनिश्चित होगी स्थिर विद्युत आपूर्ति
इस पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से भोपाल मेट्रो के सुभाषनगर सबस्टेशन के लिए आवश्यक क्षमता की स्थिर, सुरक्षित एवं भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इससे मेट्रो प्रणाली के संचालन में निरंतरता बनी रहेगी और संपूर्ण सिस्टम की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सीमित स्थल परिस्थितियों में चुनौतीपूर्ण तकनीकी कार्य
भोपाल शहर के मध्य स्थित गोविंदपुरा सबस्टेशन में सीमित उपलब्ध भूमि, मौजूदा उपकरणों की कार्यशीलता तथा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए 200 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना एक जटिल और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण कार्य था।
प्लानिंग एवं डिजाइन विभाग की अहम भूमिका
एमपी ट्रांसको मुख्यालय, जबलपुर स्थित प्लानिंग एवं डिजाइन विभाग के अभियंताओं द्वारा सबस्टेशन लेआउट का पुनःआकलन कर आवश्यक संशोधन किए गए। इन्हीं तकनीकी सुधारों के माध्यम से सभी सुरक्षा एवं मानक शर्तों के अनुरूप इस पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना और ऊर्जीकृत प्रक्रिया को सफल बनाया गया।
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
इस महत्वपूर्ण कार्य की सफलता पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एमपी ट्रांसको के अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने इसे भोपाल मेट्रो की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
डिपॉजिट वर्क के रूप में पूर्ण हुआ कार्य
एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य ने जानकारी दी कि यह कार्य भोपाल मेट्रो परियोजना के अंतर्गत डिपॉजिट वर्क के रूप में पूर्ण किया गया है, जिससे मेट्रो परियोजना को समयबद्ध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सकेगी।