
भोपाल। उत्कृष्टता, समर्पण और आयुर्वेद क्षेत्र में बहुमूल्य योगदान तथा राष्ट्र निर्माण व समाजसेवा की सच्ची भावना को दर्शाते हुए गणतंत्र दिवस के अवसर पर त्रेतायुग फाउण्डेशन अयोध्या द्वारा सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ राकेश पाण्डेय को नेशनल प्राइड एण्ड एक्सीलेंस अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया।
माता के हाथों ग्रहण किया सम्मान
डॉ राकेश पाण्डेय के निवेदन पर यह उत्कृष्टता पुरस्कार उनकी माता श्रीमती रुक्मिणी पाण्डेय के करकमलों से प्रदान किया गया, जो कार्यक्रम का भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण रहा।
शिक्षा और सेवा का व्यापक अनुभव
ग्राम करसरा, सतना (मध्यप्रदेश) निवासी डॉ पाण्डेय ने बरगी नगर, खुटहा सतना, चरगवां, श्रीधाम, जबलपुर, एसजीएसआईटीएस इंदौर, शासकीय आयुर्वेद कॉलेज उज्जैन एवं रीवा में शिक्षण प्राप्त किया। वर्तमान में वे सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, भोपाल में प्राचार्य तथा आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।
कोविड-19 में उल्लेखनीय योगदान
कोविड-19 महामारी के दौरान डॉ पाण्डेय ने न केवल जनमानस की सेवा की, बल्कि कोविड से बचाव हेतु नियमित रूप से जनजागृति प्रसार भी किया। उनके इस योगदान को व्यापक स्तर पर सराहा गया।
पूर्व में भी मिल चुके हैं सम्मान
डॉ पाण्डेय को पूर्व में भी पं. ऊद्धवदास मेहता चिकित्सा पुरस्कार, राज्य सरकार मध्यप्रदेश द्वारा प्रदान किया जा चुका है। वे आयुर्वेद रिसर्च के सदैव पक्षधर रहे हैं और प्रमाणिक शोध के माध्यम से पेन मैनेजमेंट पर कार्य करने की आवश्यकता पर बल देते रहे हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर आधुनिक पैथी पर निर्भरता कम हो सके।
आयुर्वेद संगठनों में सक्रिय भूमिका
समस्त पैथियों का सम्मान करने वाले डॉ पाण्डेय मध्यप्रदेश आयुर्वेद छात्र संगठन, आयुर्वेद पीजी एसोसिएशन एवं निजी आयुर्वेद महाविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वे अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, नई दिल्ली की मध्यप्रदेश इकाई में आयुर्वेद सम्मेलन के प्रवक्ता भी रहे हैं।