
जबलपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गीताधाम गौरीघाट स्थित श्री पारदेश्वर महादेव मंदिर में चार पहर में अनवरत रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए यह पर्व विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। मान्यता है कि श्री पारदेश्वर महादेव जी के दर्शन मात्र से सैकड़ों अश्वमेध यज्ञ और लाखों गौदान के समान पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
जगतगुरु के सानिध्य में होगा रुद्राभिषेक
महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत परम पूज्य श्रीमद् जगतगुरु नृसिंहपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में 15 फरवरी 2026 को प्रातः काल से रुद्राभिषेक पूजन, सहस्त्रनामार्चन एवं श्रृंगार आरती रात्रि पर्यंत आयोजित की जाएगी। भक्तों से विशेष रूप से आग्रह किया गया है कि वे श्री पारदेश्वर महादेव जी के दर्शन कर अपने जीवन को कृतार्थ बनाएं।
रुद्राभिषेक: गहोई वैश्य पंचायती भवन समिति
इसी क्रम में 15 फरवरी 2026 को श्री गहोई वैश्य पंचायती भवन समिति, तमरहाई चौक जबलपुर में दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गहोई समाज के समस्त सजातीय जनों एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया गया है। समिति ने कामना की है कि महाकालेश्वर बाबा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे।
आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा विशेष आयोजन
आर्ट ऑफ लिविंग जबलपुर द्वारा भी महाशिवरात्रि 2026 के अवसर पर विशेष रुद्र पूजा का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे ज्ञान क्षेत्र TOK, शारदा चौक, तक्षशिला कॉलेज के समीप आयोजित होगा। आयोजन में मंत्रोच्चार, ध्यान, पूजा, भजन संगीत और भक्ति के विविध आयामों का समावेश रहेगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आध्यात्मिक उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।
अन्य मंदिरों में भी होंगे धार्मिक आयोजन
महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। गुप्तेश्वर मंदिर एवं कचनार सिटी शिव मंदिर में प्रातः काल से ही अभिषेक, भजन-कीर्तन और दर्शन का क्रम जारी रहेगा। शिवभक्तों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
महाशिवरात्रि पर्व पर जबलपुर में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण निर्मित होगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर भगवान शिव के आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।