
जबलपुर। शहर में सेवा कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले जबलपुर प्राइड ग्रुप द्वारा बैसाखी के पावन अवसर पर गुरुद्वारा प्रेम नगर में श्रद्धालुओं के लिए विशाल छबील (मीठा शरबत) वितरण का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा प्रेम नगर द्वार के सामने आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शीतल शरबत ग्रहण कर राहत महसूस की।

सेवा में बढ़-चढ़कर शामिल हुए लोग
इस पुण्य कार्य में ग्रुप के सदस्यों के साथ-साथ अन्य लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। कोई शक्कर लेकर आया, तो किसी ने शरबत की बोतलें और दूध के पैकेट उपलब्ध कराए, वहीं कई लोगों ने नगद राशि देकर सहयोग किया। इस सेवा कार्य में मौजूद हर व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उत्साहित नजर आया।
हर वर्ष किया जाता है आयोजन
जबलपुर प्राइड ग्रुप द्वारा यह सेवा कार्य हर वर्ष बैसाखी के अवसर पर किया जाता है। शहरवासियों को भी इस सेवा की जानकारी होने के कारण वे हर बार इसमें शामिल होकर अपना योगदान देते हैं।
जरूरतमंद बच्चे की भी की मदद
सेवा कार्य के दौरान एक व्यक्ति अपने बच्चे के साथ पहुंचा, जिसने बताया कि उसके पास बच्चे के लिए कॉपियां खरीदने के पैसे नहीं हैं। इस पर ग्रुप के सदस्यों ने तुरंत पहल करते हुए बच्चे को आवश्यक कॉपियां खरीदकर उपलब्ध कराईं, जिससे मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली।
सांसद आशीष दुबे ने भी किया शरबत वितरण
इस सेवा कार्य को देखकर जबलपुर के सांसद आशीष दुबे भी स्वयं को रोक नहीं पाए और उन्होंने अपने हाथों से श्रद्धालुओं को शरबत वितरित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इन सदस्यों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर ग्रुप के अध्यक्ष परमजीत सिंह कलसी, संरक्षक एसपी दत्ता, सुभाष अग्रवाल, कुलदीप बेदी, राजेश गुलाटी, जसबीर कलसी, श्री कृष्ण अग्रवाल, रीता कालरा, नीना बेदी, अमित बात्रा, संगीता सराफ, संजीव व्यास, हरी लाल पटेल, सुदेश श्रीवास्तव, पुनीत गुलाटी, प्रमोद वैश्य, सुनील गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।