VIDEO: पन्ना में उमड़ेगा आस्था का महासागर, जुगल किशोर मंदिर बनेगा आध्यात्मिक केंद्र

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। धर्म, भक्ति और संत परंपरा की पावन धरती पन्ना एक बार फिर ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। आगामी 15 से 29 जुलाई तक श्री जुगल किशोर जी मंदिर प्रांगण में 15 दिवसीय भव्य श्रीमद्भागवत एवं श्री भक्तमाल कथा महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी हैं।

क्षेत्रभर में उत्साह, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

इस दिव्य आयोजन को लेकर क्षेत्रभर में उत्साह का माहौल है। बुंदेलखंड, विंध्य, महाकौशल सहित उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पन्ना पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

संतों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

कथा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने परम पूज्य श्री किशोर दास जी महाराज स्वयं पन्ना पहुंचे और श्री जुगल किशोर मंदिर प्रांगण सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन के मुख्य जजमान बृजेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें सभी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

भक्ति और आत्मशुद्धि का महापर्व

गुरुदेव ने श्री जुगल किशोर सरकार के श्रीचरणों में वंदन कर कथा की सफलता के लिए मंगलकामनाएं कीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल कथा नहीं, बल्कि भक्ति और आत्मशुद्धि का महापर्व होगा।

धार्मिक इतिहास में जुड़ेगा नया अध्याय

मुख्य जजमान बृजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह आयोजन पन्ना के धार्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। 15 दिनों तक मंदिर प्रांगण में भक्ति, साधना और संतवाणी की अविरल धारा बहेगी, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो जाएगा।

संतों की वाणी से होगा अमृत वर्षण

इस आयोजन की विशेषता यह है कि मलूकपीठाधीश्वर परम पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज एवं परम पूज्य श्री किशोर दास जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत और भक्तमाल कथा का अमृत वर्षण होगा, जो श्रद्धालुओं को भक्ति और मोक्ष के मार्ग की ओर प्रेरित करेगा।

व्यवस्थाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप

आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विशाल कथा पंडाल, संत आवास, श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, प्रसाद वितरण, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर को भव्य और आध्यात्मिक सज्जा के साथ तैयार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को तीर्थधाम जैसा अनुभव मिल सके।

भजन, संत समागम और गुरु पूर्णिमा का आयोजन

महोत्सव के दौरान संत समागम, भजन संध्या, वैदिक अनुष्ठान और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी अवधि में गुरु पूर्णिमा महोत्सव भी मनाया जाएगा, जहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचकर गुरुचरणों में श्रद्धा अर्पित करेंगे।

आस्था, संस्कृति और भक्ति का संगम

यह 15 दिवसीय आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और गुरु भक्ति का अद्भुत संगम होगा, जो पन्ना को आध्यात्मिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

Back to top button