इंग्लैंड में चमका मध्‍य प्रदेश के चंदिया का लाल, आशीष शुक्ला बने काउंसलर

जबलपुर। उमरिया जिले के चंदिया की माटी से इंग्लैंड की राजनीति तक का गौरवपूर्ण सफर तय कर एक होनहार युवा ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। इंग्लैंड के स्थानीय निकाय चुनाव में लिबरल डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रत्याशी के रूप में काउंसलर पद पर जीत हासिल कर भारतीय मूल के आशीष शुक्ला ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है।

सनातन संस्कृति से जुड़े, गुरूकुल स्थापना की योजना

ब्रिटेन में रहकर भी सनातन संस्कृति में गहरी आस्था रखने वाले आशीष शुक्ला भगवान राम की नगरी के नजदीक 35 एकड़ जमीन पर आवासीय गुरूकुल की स्थापना करने जा रहे हैं।

चंदिया से इंग्लैंड तक का प्रेरणादायक सफर

यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि आशीष शुक्ला मूलतः मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया ग्राम के निवासी हैं। उनके पिता रमा गोविंद शुक्ला सागर में शासकीय सेवा में पदस्थ रहे, जिसके चलते परिवार वहीं बस गया, लेकिन अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव आज भी कायम है।

परिवार की सामाजिक पहचान रही मजबूत

उनके परिवार की सामाजिक पहचान भी क्षेत्र में सम्मानजनक रही है। उनके पिता के दोनों भाई स्वर्गीय शिव गोविन्द शुक्ला एवं स्वर्गीय हरि गोविन्द शुक्ला अपने सरल स्वभाव और सामाजिक जुड़ाव के लिए जाने जाते थे।

मेहनत और संस्कार से मिली सफलता

साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर इंग्लैंड की राजनीति में अपनी पहचान बनाना यह दर्शाता है कि मेहनत, शिक्षा और संस्कार व्यक्ति को वैश्विक स्तर तक पहुंचा सकते हैं। आशीष शुक्ला की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि छोटे शहरों से निकले सपने भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।

जानें कौन हैं आशीष शुक्ला

आशीष शुक्ला दूरसंचार विभाग में उप महाप्रबंधक पद से रिटायर हुए आर जी शुक्ला और गायत्री शुक्ला के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सागर में पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु से प्राप्त की तथा हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई में कार्य किया।

वर्ष 2001 में वे अमेरिका गए और 2004 में ब्रिटेन में बस गए। वे सागर के महान सपूत डॉ. सर हरिसिंह गौर को अपना आदर्श मानते हैं। वर्तमान में वे सीनियर टेक्नोलॉजी एंड यूटिलिटी प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी सलोनी शुक्ला टेक्नोलॉजी और एआई आधारित व्यवसाय संचालित कर रही हैं।

प्रदेश में खुशी का माहौल

उनकी इस उपलब्धि पर चंदिया ग्राम, उमरिया, सागर सहित पूरे मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है और लोग उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

Back to top button