
जबलपुर। हमेशा रोगियों की सेवा और ऑपरेशन थिएटर में व्यस्त रहने वाले चिकित्सकों की गायन प्रतिभा उस समय उभरकर सामने आई, जब उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संस्कार भारती द्वारा आयोजित संघ गीतों के कार्यक्रम ‘हम करें राष्ट्र आराधन’ में अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। चिकित्सकों के सधे हुए सुर और सुमधुर आवाज ने पूरे प्रेक्षागृह को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति के बाद सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठता रहा।

शहीद स्मारक प्रेक्षागृह में हुआ आयोजन
संस्कार भारती जबलपुर महानगर के तत्वावधान में रविवार शाम शहीद स्मारक प्रेक्षागृह, गोलबाजार में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के महाधिवक्ता प्रशांत सिंह रहे। अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे, संस्कार भारती के संरक्षक डॉ. जितेंद्र जामदार एवं डॉ. पुष्पराज पटेल, प्रांत अध्यक्ष मणिकांत महेश्वरी, महाकोशल प्रांत महामंत्री धनराज गुप्ता और महानगर अध्यक्ष माला सिंह मंच पर उपस्थित रहीं।

कला के माध्यम से राष्ट्रभाव जागृत करने का प्रयास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत संघचालक डॉ. प्रदीप दुबे ने कहा कि संस्कार भारती कला के माध्यम से समाज में राष्ट्र के प्रति निष्ठा और संस्कारों को पुष्ट करने का कार्य कर रही है। मुख्य अतिथि प्रशांत सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संघ के गीतों में ‘अहं ब्रह्मास्मि’ जैसे उपनिषद के वाक्य साकार होते दिखाई देते हैं। इन गीतों से असंख्य स्वयंसेवक प्रेरणा प्राप्त करते हैं।

व्यस्तता के बीच चिकित्सकों ने किया अभ्यास
संस्कार भारती के संरक्षक डॉ. जितेंद्र जामदार ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले चिकित्सकों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अत्यधिक व्यस्त दिनचर्या के बावजूद अभ्यास कर उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महानगर उपाध्यक्ष डॉ. अश्विन देशमुख के संचालन में शहर के प्रख्यात चिकित्सकों ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी।
इन चिकित्सकों ने दी शानदार प्रस्तुति
कार्यक्रम में डॉ. माणिक पांसे, डॉ. हर्ष सक्सेना, डॉ. रूपा सरकार, डॉ. कुसुम सोलंकी, डॉ. एच. एस. मरकाम, डॉ. राजेश महोबिया, डॉ. ललित श्रीवास्तव, डॉ. जनमेजय जामदार, डॉ. राखी बाजपेयी, डॉ. रूमिका राव, डॉ. निधि नन्दगिरिकर एवं डॉ. प्रियंका ने गीत प्रस्तुत किए।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे श्रोता
कार्यक्रम में संस्कार भारती के सह महामंत्री निखिल देशकर, उपाध्यक्ष विजयश्री मिश्रा, कोषाध्यक्ष मदन पटेल, सह कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ शुक्ला, कमलेश यादव, प्रियंका मिश्रा, शैलजा सुल्लेरे, शालिनी खरे, गौरव दुबे, आदेश सिंह, राजेश खरे, संजय सिंह एवं आरती दीक्षित सहित बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष प्रभात दुबे ने किया।