
दमोह/गैसाबाद। एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना गुरुवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच इटवा छक्का के पास हरदुआ उमराव मोड़ पर हुई।
सांप को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार नामदेव पिता मोतीलाल नामदेव (40 वर्ष) निवासी घटनवारा, थाना गुनौर, जिला पन्ना अपनी पत्नी कल्पना नामदेव (30 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक सांप आ गया। उसे बचाने के प्रयास में राजकुमार ने मोटरसाइकिल को मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सिर में गंभीर चोट से हुई मौत
हादसे में मोटरसाइकिल के पीछे बैठी कल्पना नामदेव सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल निजी वाहन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हटा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति घायल, पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना में राजकुमार नामदेव को भी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर गैसाबाद थाना के प्रधान आरक्षक तुलसीराम पटैल एवं आरक्षक संदीप कुर्मी मौके पर पहुंचे और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में शोक का माहौल
घटना से मृतका के परिजनों एवं गांव में शोक का माहौल है। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
रिपोर्ट: जिमी नगरिया