
जबलपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार शाम भारतीय वायुसेना के विशेष बिजनेस बोइंग जेट से डुमना एयरपोर्ट, जबलपुर पहुंचीं। एयरफोर्स के इस विशेष विमान को उच्च सुरक्षा घेरे में एयरपोर्ट पर खड़ा किया गया।
डुमना एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहे और राष्ट्रपति का स्वागत किया।
21 जून को रहेगा व्यस्त कार्यक्रम
राष्ट्रपति 21 जून को सुबह 7:05 बजे सर्किट हाउस से गैरिसन ग्राउंड के लिए रवाना होंगी, जहां वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद सुबह 8:35 बजे वे पुनः सर्किट हाउस लौटेंगी।
सुबह 11:30 बजे राष्ट्रपति सर्किट हाउस से रवाना होकर 11:40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां वे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 12:50 बजे विश्वविद्यालय से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और 1:10 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर 1:20 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।