दमोह के गैसाबाद में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप

दमोह। दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र के हिनौता गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पैसों के लेनदेन को लेकर गांव के दो लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

खेत में संदिग्ध हालत में मिला युवक

जानकारी के अनुसार हिनौता गांव निवासी 40 वर्षीय संतोष पिता घनसु अहिरवार गुरुवार दोपहर संदिग्ध अवस्था में खेत पर मिले। परिजन उन्हें तत्काल हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संतोष ने कुछ लोगों को ब्याज पर पैसे दिए थे और इन्हीं पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।

परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप

मृतक के बड़े भाई कूरा अहिरवार ने बताया कि संतोष ने गांव के दो लोगों को पैसे दिए थे। जब खेत की बोनी के लिए उसने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों ने पैसे देने से मना कर दिया। उनका कहना है कि संतोष ने करीब तीन एकड़ जमीन बेचकर यह रकम दी थी। गुरुवार सुबह संतोष का फोन आया और उसने बताया कि खेत पर उसके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर परिजन खेत पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में मिला। उसे पहले घर लाया गया, पानी पिलाया गया और बाद में हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी ने भी दो लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी शांति ने भी आरोप लगाया कि उनके पति ने गांव के दो लोगों को ब्याज पर पैसे दिए थे, लेकिन दोनों पैसा वापस नहीं कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सुबह उनके पति ने फोन कर कहा था कि दोनों लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद फोन बंद हो गया। जब परिजन खेत पहुंचे तो संतोष बेहोशी की हालत में मिले। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी कर रही जांच

पुलिस के अनुसार युवक के गले पर फांसी के फंदे जैसे निशान पाए गए हैं। इसी कारण मामले की जांच आत्महत्या के एंगल से भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही पहुंचा जाएगा।

थाना प्रभारी ने क्या कहा

गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि हटा थाना से सूचना प्राप्त हुई थी कि हिनौता निवासी संतोष अहिरवार की फांसी लगाने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया 

Back to top button