पन्ना में जेके सीमेंट ने शुरू किया लाला कमलापत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर

पन्ना। हीरों की नगरी पन्ना अब शिक्षा के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेके सीमेंट द्वारा स्थापित ‘लाला कमलापत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर’ का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि एवं पारंपरिक पूजा-अर्चना के बीच फीता काटकर विद्यालय का शुभारंभ किया गया।

महानगर जैसी शिक्षा अब पन्ना में

इस एजुकेशन सेंटर के शुरू होने से अब स्थानीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से बच्चों को अपने ही जिले में बेहतर शिक्षा उपलब्ध होगी।

जनप्रतिनिधियों और उद्योग जगत की रही गरिमामयी मौजूदगी

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, गुन्नौर विधायक राजेश वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं जेके सीमेंट की ओर से प्रबंध निदेशक राघवपत सिंघानिया, यूनिट हेड कपिल अग्रवाल तथा एचआर हेड अवनेश कुमार गौतम ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है एजुकेशन सेंटर

लोकार्पण के बाद अतिथियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक लैब, खेल मैदान तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। प्रबंधन ने बताया कि यह संस्थान केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मंच बनेगा।

‘यह पन्ना के भविष्य की मजबूत नींव’ : सांसद वीडी शर्मा

खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। जेके सीमेंट ने उद्योग स्थापित करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल है। यह संस्थान आने वाले वर्षों में पन्ना के विकास का मजबूत आधार बनेगा।

‘गिव बैक टू सोसाइटी’ हमारी कार्यसंस्कृति : राघवपत सिंघानिया

जेके सीमेंट के प्रबंध निदेशक राघवपत सिंघानिया ने कहा कि संस्थापक लाला कमलापत सिंघानिया के आदर्शों से प्रेरित होकर कंपनी समाज को वापस लौटाने की भावना के साथ कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य पन्ना के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और मूल्य आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बनेगा संस्थान

कार्यक्रम के अंत में जेके सीमेंट प्रबंधन ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। एजुकेशन सेंटर के शुभारंभ से अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इसे पन्ना जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी पहल बताया।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button