
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना/सिमरिया। दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहंद्रा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैकरा में रविवार रात एक घर के चारा भंडारण कक्ष में घुसी वयस्क मादा तेंदुए को वन विभाग की संयुक्त टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रविवार 15 नवंबर को तेंदुए के घर में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, जो सोमवार तड़के करीब एक बजे सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
पहले स्वाभाविक रूप से बाहर निकालने का किया प्रयास
शुरुआत में वन विभाग की टीम ने तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए स्वाभाविक रूप से बाहर निकलने का अवसर दिया। इसके लिए मकान का निकास मार्ग खुला रखा गया और आसपास मौजूद भीड़ तथा शोर को नियंत्रित किया गया। रात 9 से 10 बजे तक इंतजार के बावजूद तेंदुआ बाहर नहीं निकला।
इसके बाद रात 10 से 12 बजे के बीच पिंजरे की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः मध्यरात्रि के बाद विशेषज्ञ टीम ने तेंदुए को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया।
वन विभाग और टाइगर रिजर्व की टीम ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू अभियान में मोहंद्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल मिश्रा के नेतृत्व में दक्षिण पन्ना वनमंडल के वन अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं पन्ना टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक एवं वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन में क्षेत्रीय रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वनमंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना एवं उपवनमंडलाधिकारी रचना शर्मा भी पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने कार्रवाई की निगरानी करने के साथ ही टीमों के बीच समन्वय बनाए रखा।
पुलिस ने संभाली भीड़, वन विभाग ने की अपील
रात के समय सीमित रोशनी और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। सिमरिया थाना पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, मौके पर भीड़ न लगाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। इससे मानव जीवन के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।