
जबलपुर। गौमाता के रक्षार्थ समर्पण भाव होना आवश्यक है। गौवंश की सेवा एवं रक्षा भी भगवान श्रीकृष्ण के इस धरा धाम पर अवतरण का एक प्रमुख उद्देश्य रहा है। श्री बालकृष्ण प्रभु के प्रथम गौचारण उत्सव को ही गोपाष्टमी महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। जिस ब्रह्म के चरणों की रज के लिए ब्रह्मा और शंकर तक तरसते हैं, वही चरण गौमाता की सेवा के लिए कंकड़-पत्थरों और कुंज-निकुंजों में विचरण करते हैं। गौमाता भगवान श्रीकृष्ण को अति प्रिय हैं, इसलिए प्रभु ने स्वयं कष्ट सहकर भी उन्हें सुखी करने का प्रयास किया।

गौमाता की सेवा के कारण ही प्रभु का नाम गोपाल पड़ा। गौमाता की सेवा परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और पूर्वजों को सद्गति प्रदान करने वाली है। गोपाल के साथ-साथ गौमाताओं की सेवा करना हम सभी सनातन धर्मावलंबियों का प्रधान कर्तव्य है। गौसेवा ही गोपाल को प्रसन्न करने का मूल मंत्र है। गोपाष्टमी पर यथासामर्थ्य गौमाताओं की सेवा का संकल्प लेकर इस दिवस को सार्थक बनाने का प्रयास करना चाहिए।
ये उद्गार श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज ने गीताधाम गौशाला में गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर आयोजित गौपूजन एवं गौग्रास अर्पण कार्यक्रम में व्यक्त किए।
गौवंश को अर्पित किया गुड़, रोटी और हरा चारा
गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर गीताधाम गौशाला में श्रद्धालु भक्तों ने गौवंश को गुड़, रोटी और हरा चारा अर्पित कर गौसेवा की। कार्यक्रम में श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज के साथ विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, लेखराज सिंह मुन्ना भैया, राजेन्द्र प्यासी, शरद काबरा, लोकराम कोरी, विष्णु पटेल, गीता जगदीश साहू, एसएन शर्मा, विध्येश भापकर, राजेन्द्र यादव, डॉ. संदीप मिश्रा, गीता पांडे, इंदु साहू, आचार्य प्रदीप मिश्रा, हिमांशु प्रियांशु, संदीप, प्रकाश मिश्रा, पुष्कर सेंगर, संजय अग्रवाल, गौरव रल्हन और प्रवीण चतुर्वेदी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति, नरसिंह मंदिर-गीताधाम भक्त परिवार तथा सनातन धर्म महासभा जबलपुर के सदस्यों की सहभागिता रही।