साइबर सिक्योर 2026 अभियान के तहत एमपी ट्रांसको में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के शक्ति भवन मुख्यालय, जबलपुर में “साइबर सिक्योर 2026” अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश साइबर पुलिस जोन, जबलपुर के विशेषज्ञों ने पावर सेक्टर में बढ़ते साइबर खतरों, साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

उप पुलिस अधीक्षक राज्य साइबर पुलिस उमाकांती आर्मो के नेतृत्व में विशेषज्ञों ने एमपी ट्रांसको के कार्मिकों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, मोबाइल एप्स के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड तथा साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव के बारे में प्रशिक्षित किया। साथ ही संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, ई-मेल और डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी प्रकाश डाला गया।

पावर सेक्टर में साइबर खतरों से किया सचेत

साइबर विशेषज्ञ एवं सब-इंस्पेक्टर मोहित पांडे ने पावर सेक्टर पर बढ़ते साइबर खतरों की चर्चा करते हुए साइबर सुरक्षा को ऊर्जा अवसंरचना की सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया तथा साइबर फ्रॉड की स्थिति में त्वरित रिपोर्टिंग और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। वहीं साइबर विशेषज्ञ राज शर्मा ने एआई युग में साइबर सुरक्षा की चुनौतियों, फर्जी ई-मेल से बचाव, प्रमाणित वेबसाइटों के उपयोग और संचार साथी ऐप की उपयोगिता पर जानकारी साझा की।

150 कार्मिकों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ

कार्यक्रम में एसएलडीसी के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता, एमपी ट्रांसको के मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कल्पना धुर्वे ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लगभग 150 कार्मिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

Back to top button