
जबलपुर। परिवार की आन, बान और शान बढ़ाने में बेटियां पूरी लगन और मेहनत से उत्कृष्ट प्रदर्शन करती हैं। मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता के साथ किया गया कार्य हमेशा बेहतर परिणाम देता है। बेटियां अपनी प्रतिभा से न केवल परिवार बल्कि विद्यालय और समाज का भी गौरव बढ़ाती हैं।

ये विचार पार्षद प्रतिभा भापकर, रोटरी इंटरनेशनल जबलपुर साउथ क्लब के अध्यक्ष अखिल खंडेलवाल तथा आचार्य श्री विद्यासागर मंडल के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चेरीताल में आयोजित प्रतिभाशाली छात्राओं के सम्मान एवं लेखन सामग्री वितरण समारोह में व्यक्त किए।

चार वर्ष से निभाई जा रही सम्मान की परंपरा
पिछले चार वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत चेरीताल स्कूल में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं का सम्मान किया गया। समारोह में छात्राओं को निशुल्क लेखन सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में प्राचार्य डी.के. जैन, नरेंद्र साहू, इंद्रपुरी गोस्वामी, नरेंद्र खरे, प्रशांत महानूर, राजेन्द्र गुप्ता, मोनू साहू, अभय कुमार, नितिन पांडे, आशीष नेमा, नरेंद्र बत्रा, प्रशांत नगाइच, आशीष गुप्ता, राकेश गिरदोनिया, सारंग भिड़े, आशीष चौधरी, शैलेश पटेल, अंबर दुबे, निशांत गुलाबवानी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मेधावी छात्राओं का किया सम्मान
इस अवसर पर कक्षा 12वीं गणित-विज्ञान संकाय की छात्रा खुशी अहिरवार (82.6%), खुशबू चक्रवर्ती (75.6%) तथा रूपाली सिंह (71.2%) को शॉल, श्रीफल, माल्यार्पण एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
280 छात्राओं को मिली लेखन सामग्री
समारोह के दौरान विद्यालय की 280 छात्राओं को निशुल्क लेखन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन आशा यादव एवं विध्येश भापकर ने किया, जबकि अंत में विद्यालय के प्राचार्य डी.के. जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।