Cherital Mahila Suraksha Chaupal: महिला सुरक्षा और जागरूकता पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

जबलपुर। चेरीताल वार्ड में महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सुरक्षित सार्वजनिक स्थानों के निर्माण को लेकर महिला सुरक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। महापौर श्री जगत बहादुर सिंह “अन्नू” के नेतृत्व में नगर निगम एवं यूएन वूमेन द्वारा संयुक्त रूप से संचालित सेफ सिटीज अभियान के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में पार्षद प्रतिभा भापकर, चौकी प्रभारी सरिता पटेल धाकड़ सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं नागरिकों ने भाग लिया।

महिलाओं की इच्छा शक्ति ही सबसे बड़ी ताकत

कान्यकुब्ज ब्राह्मण सभा भवन, सरस्वती कॉलोनी चेरीताल में आयोजित महिला चौपाल को संबोधित करते हुए पार्षद प्रतिभा भापकर एवं चौकी प्रभारी सरिता पटेल धाकड़ ने कहा कि संस्कृति और संस्कारों की पहली शिक्षा घर में मां देती है। उन्होंने कहा कि अत्याचार, गुंडागर्दी और अपराध के खिलाफ किसी और के आगे आने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि महिलाओं को स्वयं साहस के साथ अन्याय का विरोध करना चाहिए। उनका कहना था कि जब महिलाएं नेतृत्व करती हैं तो समाज भी उनके पीछे खड़ा होता है, इसलिए अपराध और अनाचार से लड़ने के लिए मजबूत मनोबल और उच्च इच्छा शक्ति आवश्यक है।

महिला सुरक्षा को लेकर हुई खुली चर्चा

बैठक का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को समझना, नागरिकों के सुझाव प्राप्त करना तथा भविष्य की योजनाओं में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। बैठक में चेरीताल वार्ड की महिलाओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सामने रखा। महिलाओं ने स्कूलों के पास शराब की दुकानों की मौजूदगी, कई स्थानों पर अपर्याप्त स्ट्रीट लाइट, असामाजिक तत्वों के जमावड़े और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की आवश्यकता पर सुझाव दिए।

हेल्पलाइन नंबरों और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

चौकी प्रभारी सरिता पटेल धाकड़ ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1091 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से बिना डर के शिकायत दर्ज कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

महिला सुरक्षा मित्र दल का हुआ गठन

बैठक के दौरान स्थानीय स्तर पर महिलाओं की सहायता, सूचना आदान-प्रदान तथा समय पर सहयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “महिला सुरक्षा मित्र” दल का गठन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह दल महिलाओं की सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक रहे उपस्थित

बैठक में पार्षद श्रीमती प्रतिभा भापकर जनप्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि यूएन वूमेन की ओर से श्री रुद्राक्ष पाठक ने बैठक का संचालन किया। कार्यक्रम में स्नेह साहू, अनीता गुप्ता, संगीता व्यौहार, कल्पना तिवारी, अनीता साहू, वैशाली तेजवानी, अंजू जायसवाल, रश्मि चौधरी, श्वेता गुप्ता, कविता सोनी, सिलोचना सोनी, मीनू साहू, पूजा चौधरी, शशि चौधरी, सरिता अहिरवार, प्रीति विश्वकर्मा, सुनीता चौहान, मुक्ति नेमा, नरेंद्र साहू, राजेन्द्र व्यौहार, आशीष चौधरी, सुनील रजक, विध्येश भापकर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Back to top button