2.71 लाख हस्ताक्षरों के साथ गौ सम्मान अभियान का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा

पन्ना। गौ सेवा, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान को लेकर चलाए जा रहे “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत सोमवार को पन्ना में 2 लाख 71 हजार 559 हस्ताक्षरों से समर्थित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम भेजा गया। ज्ञापन परमपूज्य स्वामी किशोर दास जी महाराज के नेतृत्व में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह तथा संत समाज और गौभक्तों की उपस्थिति में सौंपा गया।

ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें

ज्ञापन में देशी गोवंश को मध्यप्रदेश में “राज्य माता” घोषित करने, गो संरक्षण के लिए सशक्त कानून बनाने, गो तस्करी एवं गोवध पर कठोर कार्रवाई, पृथक गोपालन मंत्रालय की स्थापना, प्रत्येक ग्राम पंचायत में नंदीशाला, जिला स्तर पर गो अभ्यारण्य, गोचर भूमि संरक्षण, गो-वाहिनी एम्बुलेंस सेवा तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

गो संरक्षण को बताया सांस्कृतिक और आर्थिक आवश्यकता

वक्ताओं ने कहा कि गोवंश भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत का आधार है। इसलिए इसके संरक्षण, संवर्धन और सुरक्षा के लिए प्रभावी नीतियां लागू करना समय की आवश्यकता है, जिससे किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समाज को भी लाभ मिल सके।

27 अक्टूबर को सभी राज्यों की राजधानियों में सौंपा जाएगा ज्ञापन

अभियान की अगली कड़ी के तहत 27 अक्टूबर 2026 को देश के सभी राज्यों की राजधानियों में भी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं संबंधित सरकारों के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। अभियान के माध्यम से व्यापक जनजागरण कर गो संरक्षण के प्रति समाज की भागीदारी बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button