राष्ट्रीय पेपर दिवस पर जैन कन्या शाला में नोटबुक वितरण, पेपर संरक्षण का दिया संदेश

जबलपुर। राष्ट्रीय पेपर दिवस के अवसर पर महाकौशल पेपर डीलर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में एवं महाकौशल अभ्यास पुस्तिका निर्माता संघ की सहभागिता से खोआ मंडी स्थित जैन कन्या शाला, जबलपुर में पेपर दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सभी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को अभ्यास पुस्तिकाएं (नोटबुक) एवं बिस्किट भेंट स्वरूप वितरित किए गए।

मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।

दैनिक जीवन में कागज के महत्व पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम का संचालन करते हुए एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रवीश सिंघई ने पेपर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कागज हमारी दैनिक जीवन की आवश्यकताओं का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में संगठन के सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना भी की।

एसोसिएशन के संरक्षक राजकुमार वार्ष्णेय ने सभी को राष्ट्रीय पेपर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इस सामाजिक पहल के लिए संगठन को बधाई दी।

बच्चों को बताई पेपर की लाइफ साइकिल और रीसाइक्लिंग प्रक्रिया

संयुक्त सचिव श्रेय अग्रवाल ने बच्चों को पेपर की संपूर्ण लाइफ साइकिल तथा उसके पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) की प्रक्रिया से अवगत कराया।

कोषाध्यक्ष अर्पित अग्रवाल ने प्रेरक उदाहरणों एवं मुहावरों के माध्यम से विद्यार्थियों को दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

पेपर बचाने और हर पृष्ठ का पूरा उपयोग करने की अपील

जैन कन्या शाला के सचिव अनुराग जैन गढ़ावाल ने अपने जीवन के प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए पेपर बचाने की आदत का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि यदि कागज बचाना कंजूसी कहलाता है, तो ऐसी कंजूसी हर व्यक्ति को अपनानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे कॉपी के प्रत्येक पृष्ठ का पूरा उपयोग करें तथा घर और कार्यालय में पेपर रीसाइक्लिंग के लिए अलग डस्टबिन का उपयोग करने की आदत विकसित करें।

विद्यालय की प्राचार्य वंदना जी ने विद्यालय के इतिहास एवं उसकी शैक्षणिक परंपराओं की जानकारी सभी उपस्थितजनों को दी।

नोटबुक एवं बिस्किट वितरण के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात जैन ने सभी सदस्यों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप बियानी एवं सचिव आदित्य सिंघई के मार्गदर्शन में संगठन के सभी सदस्यों द्वारा विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को नोटबुक एवं बिस्किट वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

महाकौशल पेपर डीलर्स एसोसिएशन के सदस्य

हर्ष राजकुमार वार्ष्णेय, प्रदीप बियानी, प्रभात जैन, आनंद सिंघई, रवीश सिंघई, आदित्य सिंघई, अरुण सिंघई, आयुष सिंघई, अर्पित जुगल अग्रवाल, श्रेय प्रहलाद अग्रवाल, सिद्धार्थ बत्रा, वरुण दुग्गल, दीपेश अग्रवाल, हर्ष चौकसे, चित्रांशु अनिल अग्रवाल, सौरभ जैन, राजेंद्र सरीन, प्रवीण चौकसे, विनीत अग्रवाल एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button