जलखंडेश्वर धाम से आस्था की कांवड़ यात्रा रवाना, कल बांदकपुर में होगा पावन जलाभिषेक

गैसाबाद/दमोह। सावन माह में भगवान शिव की आराधना के पावन अवसर पर गैसाबाद से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध जलखंडेश्वर धाम से श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत कांवड़ यात्रा धूमधाम से बांदकपुर के लिए रवाना हुई। लगातार दूसरे वर्ष निकाली जा रही इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए।

बोल बम और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोषों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ यात्रा पर निकले। यह यात्रा बलेह, भैंसा, रनेह और पटेरा होते हुए आगे बढ़ेगी। आज रात्रि विश्राम पटेरा में होगा, जबकि कल दोपहर बांदकपुर पहुंचकर सभी कांवड़िये भगवान शिव का पवित्र जलाभिषेक करेंगे।

शिवभक्ति से सराबोर हुआ यात्रा मार्ग

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में शिवभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था ने सावन माह की आध्यात्मिक गरिमा को और भी भव्य बना दिया।

लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रही यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और भक्ति का विशेष प्रतीक बनकर सामने आई है। बांदकपुर पहुंचने के बाद कांवड़िये पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक कर अपनी यात्रा पूर्ण करेंगे।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button