
पन्ना। नाग पंचमी के अवसर पर दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा सर्प संरक्षण एवं सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में सैकड़ों विद्यार्थियों को वनमंडल द्वारा तैयार शैक्षणिक कार्ड गेम ‘सर्पलोक’ वितरित किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सांपों की पहचान, सर्पदंश से बचाव और प्राथमिक उपचार से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी दी गई।

54 कार्डों में सांपों की पहचान और बचाव की जानकारी
‘सर्पलोक’ 54 कार्डों वाला गेम आधारित शिक्षण माध्यम है। इसमें विषैले एवं विषहीन सांपों की पहचान, सर्पदंश से बचाव, सही प्राथमिक उपचार, आवश्यक सावधानियां तथा सांपों से जुड़े मिथकों और वैज्ञानिक तथ्यों को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। विद्यार्थियों ने खेल के माध्यम से जानकारी हासिल की और विषय से जुड़े सवाल भी पूछे।
रैपुरा क्षेत्र के चार स्कूलों में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
रैपुरा रेंज में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रैपुरा, हाई स्कूल अधराड़, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बघवार कला तथा शासकीय स्कूल हरदुआ सरसबाहु में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कृष्णा प्रसाद, भा.व.से. प्रशिक्षु एवं प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी रैपुरा सहित वन अमले ने विद्यार्थियों को सर्प संरक्षण एवं सर्पदंश से बचाव के संबंध में जानकारी दी।
मोहन्द्रा में भी विद्यार्थियों को किया जागरूक
इसी क्रम में मोहन्द्रा रेंज के शासकीय कन्या हाई स्कूल मोहन्द्रा में वनपाल जगदीश प्रसाद अहिरवार ने विद्यार्थियों को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी।
झाड़-फूंक के बजाय अस्पताल पहुंचाने का संदेश
वनमंडल का उद्देश्य सांपों के प्रति अनावश्यक भय कम करने, उनकी हत्या रोकने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक एवं अवैज्ञानिक उपायों से बचने के लिए जागरूक करना है। वनमंडल ने स्पष्ट संदेश दिया कि सर्पदंश होने पर पीड़ित को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाना चाहिए। अभियान का मूल संदेश है— “साँप नहीं, अज्ञानता सबसे बड़ी दुश्मन है।”
‘साँप-सीढ़ी’ के बाद ‘सर्पलोक’ नया प्रयास
दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा सर्पदंश से होने वाली रोकी जा सकने वाली मौतों को कम करने और सर्प संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नए जागरूकता माध्यम विकसित किए जा रहे हैं। वर्ष 2025 में तैयार किए गए विशेष ‘साँप-सीढ़ी’ खेल के बाद इस वर्ष ‘सर्पलोक’ कार्ड गेम को अभियान की अगली कड़ी बनाया गया है।
वनमंडल का प्रयास है कि गेम आधारित शिक्षा के माध्यम से बच्चों एवं ग्रामीण समुदायों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाकर मनुष्य और सांपों के सुरक्षित सहअस्तित्व को बढ़ावा दिया जाए।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा