श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा में प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए निकलेंगी सजीव झांकियां

जबलपुर। भगवान श्रीकृष्ण ने पर्यावरण, जल, वायु और वृक्षों के संरक्षण का संदेश अपनी लीलाओं के माध्यम से दिया है। लीला पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण ने बालपन से ही बाल गोपालों और युवाओं को संगठित कर अधर्म तथा आसुरी शक्तियों और प्रवृत्तियों का नाश किया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा में प्रकृति संरक्षण और सनातन संस्कृति के संदेश को सजीव झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा में जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक विगत 46 वर्षों से प्रतिवर्ष श्रीकृष्ण लीलाओं का चलित एवं सजीव मंचन करता आ रहा है। इन झांकियों के माध्यम से संस्कारधानी जबलपुर के श्रद्धालु भक्तों को श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं के दर्शन होते हैं और धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश भी पहुंचता है।

सजीव झांकियों के माध्यम से युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने का प्रयास

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देव लीलाओं के माध्यम से वर्तमान पीढ़ी और युवा वर्ग को सनातन संस्कृति के विभिन्न विषयों की जानकारी मिलती है। साथ ही बच्चों को धर्म से जोड़कर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के प्रति जागरूक करने में भी सहायता मिलती है।

सनातन धर्म महासभा जबलपुर और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा मंडल जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक द्वारा मातृशक्ति एवं युवाओं को संगठित कर सनातन धर्म और संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज एवं विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक में आयोजित सनातन धर्म महासभा जबलपुर और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा मंडल जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक की संयुक्त बैठक में कही।

73 वर्षीय नत्थू लाल रैकवार का किया सम्मान

बैठक के दौरान श्रीकृष्ण शोभायात्रा मंडल जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक के वरिष्ठ कलाकार 73 वर्षीय नत्थू लाल रैकवार का विशेष रूप से स्वागत एवं वंदन किया गया। नत्थू लाल रैकवार 3 वर्ष की उम्र से श्रीकृष्ण की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं।

श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज एवं उत्तर विधानसभा के विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने नत्थू लाल रैकवार का राधाकृष्ण अंगवस्त्र एवं पुष्पहारों से स्वागत किया।

बैठक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित

बैठक में सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्याम साहनी, प्रेम पुरी गोस्वामी, पप्पन मिश्रा, राजेश द्विवेदी, मनोज दुबे, गोपाल पुरी, सुरेन्द्र पुरी, अनुराधा सुजीत सोधिया, नीतेश पटेल, दीपांशु पाठक, शरद काबरा, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, विध्येश भापकर, जगदीश साहू, संजय पटेल, इन्दु साहू, डॉ. एच.पी. तिवारी, धीरु मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।

Back to top button