
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। जिले में बीती रात्रि हुई जोरदार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने बुधवार को जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित किया। वहीं पन्ना नगर की किलकिला नदी में भी तेज बहाव देखने को मिला। नगर के समीप बाईपास स्थित कुंड में पानी का तेज प्रवाह जलप्रपात का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।
कुंड से तेज गति से गिरता पानी और उससे उठता धुआंनुमा फुहार का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बारिश के बाद बने इस प्राकृतिक नजारे को देखने के लिए बुधवार को दिनभर बड़ी संख्या में नगरवासी यहां पहुंचते रहे। लोग घंटों तक जलप्रपात को निहारते रहे और मोबाइल कैमरों में इस खूबसूरत नजारे को कैद करते नजर आए।
बुधवार को पन्ना में सर्वाधिक 114.2 मिमी वर्षा
भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय पन्ना से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को वर्षामापी केंद्र पन्ना में जिले में सर्वाधिक 114.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं देवेन्द्रनगर में 96.2 मिमी, गुनौर में 68.8 मिमी, अमानगंज में 42 मिमी, पवई में 84 मिमी, सिमरिया में 75.2 मिमी, शाहनगर में 48.4 मिमी, रैपुरा में 27.2 मिमी और अजयगढ़ में 72.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अजयगढ़ में सर्वाधिक 930.2 मिमी बारिश
एक जून से 19 अगस्त तक जिले में सर्वाधिक 930.2 मिमी वर्षा अजयगढ़ में दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम 475.1 मिमी वर्षा सिमरिया में हुई। जिले में अब तक औसत वर्षा 631.9 मिमी यानी करीब 24.9 इंच दर्ज की जा चुकी है।
नदी-नालों में बढ़ा जलस्तर, सतर्कता की अपील
बारिश के चलते जिले के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से जहां लोगों को प्राकृतिक जलप्रपातों का मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है, वहीं प्रशासन ने जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।