
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से जेके सीमेंट पन्ना की सीएसआर शाखा द्वारा प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण एवं जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पौधों का वितरण करने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए ‘हरित रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

मां के नाम पौधा लगाने की अपील
इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ते हुए प्रत्येक नागरिक को अपनी पूज्य मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। जेके सीमेंट का यह हरित रथ गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को फलदार एवं छायादार पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराएगा। साथ ही लोगों को पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के माध्यम से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीणों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यदि प्रत्येक परिवार एक पौधे को अपने परिवार के सदस्य की तरह अपनाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाले वर्षों में क्षेत्र में हरियाली का व्यापक विस्तार किया जा सकता है।
30 सेंटरों के गोपालों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
कार्यक्रम में जेके ट्रस्ट की टीम सहित 30 सेंटरों के समर्पित गोपालों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर इसे व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने का संकल्प लिया।
हाथ उठाकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
जेके सीमेंट पन्ना की इस पहल से ग्रामीण अंचलों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।