
जबलपुर। राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस (NDD) और एनीमिया मुक्त भारत (AMB) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय अंतर्विभागीय कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में अभियान की तैयारियों, लक्षित वर्ग तक पहुंच और विभागों के बीच समन्वय को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में बताया गया कि प्रदेश में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस का मुख्य आयोजन 22 सितंबर 2026 को होगा, जबकि छूटे हुए लाभार्थियों को दवा देने के लिए 25 सितंबर को मॉप-अप दिवस रखा गया है। अधिकारियों ने अभियान के निर्धारित प्रोटोकॉल और गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने और निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की गतिविधियों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप गंभीरता से संचालित करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, पंचायती राज, तकनीकी शिक्षा सहित निजी स्कूलों से जुड़े प्रतिनिधियों और मैदानी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच अभियान के क्रियान्वयन को लेकर समन्वय की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, एविडेंस एक्शन के तरुण तिवारी, डीसीएम दीपिका साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।