
नरसिंहपुर। एनएच-45 पर रविवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल युवक को समय पर उपचार दिलाने के लिए राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने अपना काफिला रुकवा दिया। हादसे के बाद करीब 35 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर, निवासी रामखिरिया, सरसला गांव के पास सड़क पर घायल हालत में पड़ा था। उसके सिर में गंभीर चोट बताई गई है।
हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने डायल-100 को सूचना दी थी। इसी दौरान सांसद विवेक तंखा का काफिला उसी मार्ग से गुजर रहा था। सड़क किनारे घायल युवक को देखकर सांसद ने तत्काल वाहन रुकवाया और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अपनी पुलिस फॉलो गाड़ी के जरिए घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
पुलिस फॉलो वाहन से अस्पताल पहुंचाया
पुलिस फॉलो वाहन से सुरेंद्र ठाकुर को रोसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
सांसद के प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की
सड़क पर घायल पड़े युवक को तत्काल मदद दिलाने के सांसद विवेक तंखा के प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से घायल युवक को उपचार मिल सका।
“`