
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के तीन राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली है। तीनों सांसदों का कहना है कि ये परिस्थिति के कारण हुआ, किसी के साथ कोई व्यक्तिगत बात नहीं है। तीनों सांसदों ने पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी। राघव चड्ढा का कहना है कि उनके ऊपर दल बदल कानून लागू नहीं होता क्योंकि आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 सांसद उनके साथ मुहिम में शामिल हैं।
राघव चड्ढा का कहना है कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं। दो तिहाई से ज्यादा सांसद मुहिम में शामिल हैं, उन्होंने हस्ताक्षर कर दिए हैं। चेयरमैन राज्यसभा को सूची सबमिट कर दी है। राघव चड्ढा का दावा है कि सात सांसद उनके साथ हैं और अभी और भी सांसद साथ आएंगे। उन्होंने संविधान का प्रावधान बताते हुए कहा कि दो तिहाई से अधिक सांसद यदि किसी अन्य पार्टी में विलय करना चाहें तो वे ऐसा कर सकते हैं।
राघव चड्ढा ने पत्रकारों से कहा कि जिस आम आदमी पार्टी को उन्होंने अपने 15 साल दिए, वह अपने मूल्यों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब व्यक्तिगत फायदे के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, “आई एम द राइट मैन इन रॉन्ग पार्टी।” उन्होंने कहा कि उनके सामने दो विकल्प थे—या तो राजनीति छोड़ दें या सकारात्मक राजनीति करें, इसलिए उन्होंने भाजपा में विलय का निर्णय लिया।
इसलिए बढ़ी खटास
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटा दिया था। पार्टी का कहना था कि राघव चड्ढा पार्टी के मुद्दों को राज्यसभा में नहीं उठा रहे थे और अपनी अलग छवि बनाने के लिए मुद्दे उठा रहे थे। पार्टी आलाकमान ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर यह भी कहा था कि राघव चड्ढा को बोलने का समय न दिया जाए।
भाजपा पर ‘ऑपरेशन लोटस’ का आरोप
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने पत्रकारवार्ता में कहा कि भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ घटिया राजनीति का खेल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब में भगवंत मान सरकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सात सांसदों को तोड़कर भाजपा में शामिल किया गया है।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित कई नेताओं को जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाया, लेकिन इन नेताओं ने पार्टी और जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि डर और दबाव बनाकर ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया जा रहा है।