
जबलपुर। जबलपुर के बरगी डैम में अचानक आई तेज आंधी के कारण एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक क्रूज डूब गया। जानकारी के अनुसार, क्रूज में 29 पर्यटक और 2 क्रू मेंबर सवार थे। मौसम के अचानक बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, 15 लोगों को बचाया
घटना के बाद तुरंत एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स द्वारा लगातार बचाव कार्य किया जा रहा है। साथ ही लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
लापता पर्यटकों की तलाश जारी
प्रशासन और रेस्क्यू टीम द्वारा लापता पर्यटकों को खोजने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बचाव दल पानी में सर्च ऑपरेशन चला रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सभी को खोज लिया जाएगा।