
भोपाल। किसानों और पुलिस के बीच बुधवार को झड़प हुई। किसान अपनी मांगों को लेकर भोपाल में प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई। किसानों ने शिवराज सिंह चौहान के घर के बाहर नारेबाजी भी की। इसके बाद वे सीएम हाउस की ओर गए, जहां बैरिकेडिंग की गई थी। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे सीएम हाउस का गेट तोड़कर अंदर घुसेंगे।
मंत्रियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच बातचीत
मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था समेत कई मांगों को लेकर भोपाल में किसान आंदोलन कर रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार किसानों के प्रतिनिधियों से बातचीत करके समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। मप्र सरकार के 3 मंत्रियों व किसानों के 15 प्रतिनिधियों के बीच बातचीत चल रही है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों से बातचीत के लिए मंत्रियों की कमेटी बनाई गई है।
पूरी मूंग खरीदी पर अड़े किसान
किसान पूरी मूंग खरीदी पर अड़े हुए हैं। वहीं कृषि मंत्री ऐवल सिंह कंसाना ने केंद्र सरकार को मूंग की खरीदी का कोटा बढ़ाने के लिए 14 मई, 3 जुलाई के बाद फिर पत्र लिखा है। मालूम हो कि केंद्र ने मप्र का कोटा 4.54 लाख मीट्रिक टन ही तय किया है। बताया जाता है कि मूंग का रकबा 14.30 लाख हेक्टेयर है। 20.16 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान है। इससे 8 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदनी पड़ेगी। इससे कृषि मंत्री ने केंद्र को पत्र लिखा है।