
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शनिवार को पार्टी की नवगठित राष्ट्रीय टीम के साथ पहली महत्वपूर्ण बैठक की। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। संगठन के पुनर्गठन के बाद नई टीम की यह पहली बड़ी बैठक रही। बैठक में जेन-जी को भाजपा से जोड़ने पर विशेष फोकस रहा।

जेन-जी को जोड़ने बनाई टीम
जेन-जी को भाजपा से जोड़ने के लिए नितिन नबीन ने एक विशेष टीम बनाई है। इस टीम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी तथा छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी शामिल हैं। पार्टी का यह कार्यक्रम युवाओं के साथ सीधा और निरंतर संवाद स्थापित करने तथा उनकी आकांक्षाओं और चिंताओं को समझने पर केंद्रित रहेगा।
वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों का गायन
बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह अंतरों के गायन से हुई। इसके बाद पार्टी के संगठनात्मक कामकाज, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कांग्रेस के खिलाफ प्रस्ताव
वंदे मातरम् के पूरे छह अंतरों का गायन नहीं करने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। पार्टी ने तय किया कि देशभर में अभियान चलाकर कांग्रेस की मंशा को जनता के सामने रखा जाएगा। वंदे मातरम् के सम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक तुष्टीकरण के लिए समझौता नहीं करने की बात भी कही गई।
अनुभव और नए नेतृत्व के बीच संतुलन
नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में 65 पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें 51 नए चेहरे हैं। नई टीम में अनुभव और नए नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राम माधव और वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
शाम को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे संबोधित
बैठक के बाद शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम को संबोधित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
भाजपा की नई टीम की यह बैठक संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी अब नए पदाधिकारियों के जरिए राष्ट्रीय नेतृत्व की रणनीति को प्रदेशों और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है।