
नई दिल्ली। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में एक केमिस्ट की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या के मामले को लेकर ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर घटना पर गहरा दुख, आक्रोश और चिंता व्यक्त की है।
संगठन ने अपने पत्र में कहा कि यह घटना अत्यंत भयावह और चिंताजनक है, क्योंकि यह वारदात शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई है, जहां कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के आवास भी स्थित हैं। जानकारी के अनुसार, दो हमलावर दिनदहाड़े केमिस्ट की दुकान पर पहुंचे और आसपास मौजूद 15-20 दुकानों के बीच पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या कर दी।
AIOCD ने इसे कानून-व्यवस्था के लिए खुली चुनौती बताते हुए कहा कि इस घटना से देशभर के केमिस्ट समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। संगठन ने यह भी उल्लेख किया कि केमिस्ट समुदाय 24 घंटे आम जनता को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कोविड काल सहित कई आपात स्थितियों में भी उन्होंने अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवाएं दी हैं।
संगठन ने गृह मंत्री से मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि देशभर के केमिस्टों में विश्वास बहाल हो सके।
ये प्रमुख मांगें रखीं गईं:
- हत्या की उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराई जाए।
- सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
- मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
- देशभर में केमिस्ट प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए प्रभावी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए जाएं।
- केमिस्ट समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान किया जाए।
- मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
संगठन ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या का मामला नहीं है, बल्कि देशभर के लाखों केमिस्टों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकार से इस मामले में सख्त और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।