
जबलपुर। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रही छात्र मित्र संस्था, मध्यप्रदेश द्वारा आज शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला, सुजीपुरा में 50 विद्यार्थियों के बैठने हेतु डेस्क-बेंच भेंट किए गए। इस अवसर पर आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
अतिथियों ने छात्र मित्र संस्था के सेवा कार्य की सराहना की
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरसीसी नगर-1 आर.पी. उपाध्याय, बीएसी नगर-1 अजय रजक तथा विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अशोक सरोज उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्र मित्र संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों का भविष्य और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
विद्यालय परिवार की ओर से श्रीमती कंचना पारधी, अनुज दीक्षित, श्रीमती रंजना परोहा, श्रीमती ज्योति साहू सहित समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संस्था के अनेक सदस्य रहे उपस्थित
छात्र मित्र संस्था, मध्यप्रदेश की ओर से संस्थापक अनुराग जैन गढ़ावाल, संयोजक नवनीत जैन, रमेश दाऊ, रमेश बड़कुल, प्रभात विशाल, सुधीर जैन, सुनील ठाकुर, तनुराग जैन, सुरेश परचानी, जितेंद्र यादव, सुनील गुप्ता, अन्नू अनवर सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
डेस्क-बेंच पाकर बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
डेस्क-बेंच प्राप्त कर विद्यालय के बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ़ झलक रही थी। विद्यार्थियों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थापक अनुराग जैन गढ़ावाल ने कहा कि छात्र मित्र संस्था भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर करती रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने छात्र मित्र संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।