
जबलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संयोजन में NSUI व युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय रजक के नेतृत्व में शनिवार को “थाली बजाओ–ताली बजाओ मार्च” निकालकर भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया।
इस प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे में चोरी, लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी, महंगाई, भ्रष्टाचार तथा जनसरोकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।
मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, NSUI, महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने हाथों में डमरू, थाली, झंडे और ताली बजाकर भाजपा कार्यालय तक पैदल मार्च किया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए सरकार से जवाब मांगा। प्रदर्शन का उद्देश्य भाजपा सरकार को जनता की आवाज़ सुनाना और उन मुद्दों पर जवाबदेह बनाना था, जिन पर सरकार लगातार मौन बनी हुई है।

राम मंदिर चंदे में चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
विजय रजक ने बताया कि देश की जनता ने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ अपना योगदान दिया था, लेकिन राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे में चोरी के आरोपों में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व भाजपा के बड़े नेताओं के नाम आने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गंभीर आरोप सामने आने के बावजूद भाजपा के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की, आज वही पार्टी चंदा चोरी के आरोपों पर जनता के सवालों से बच रही है।

पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज सबसे अधिक परेशान है। प्रतियोगी परीक्षाओं के लगातार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को बार-बार निराशा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल साबित हुई है।
दूसरी ओर बढ़ती बेरोज़गारी ने युवाओं के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। महंगाई लगातार आम आदमी की कमर तोड़ रही है, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।

जनता की पीड़ा और आक्रोश की अभिव्यक्ति बताया
एड. विजय रजक ने कहा कि “थाली बजाओ–ताली बजाओ मार्च” केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता की पीड़ा और आक्रोश की अभिव्यक्ति है। भाजपा नेताओं को नींद से जगाने और जनता की आवाज़ उन तक पहुँचाने के लिए यह लोकतांत्रिक आंदोलन किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भी सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार हर महत्वपूर्ण मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। राम मंदिर चंदे में अनियमितताओं के आरोप हों, पेपर लीक के मामले हों, बढ़ती बेरोज़गारी, महंगाई या भ्रष्टाचार—हर विषय पर सरकार जवाब देने से बच रही है। कांग्रेस पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, विजय रजक, सतीश तिवारी, सरबजीत सिंह रील, झल्ले लाल जैन, मनीष चंसोरिया, तेज कुमार भगत, राजेश सोनकर, संजय बघेल, गुड्डू तामसेतवर, संजय अहिरवार, सिद्धांत जेन, मेवा लाल, समर्थ अवस्थी, वंदना मेहरा, श्रीकांत विश्वकर्मा, अजय चक्रवर्ती, कौशल यादव, शुभम रजक, जिशान मंसूरी, राहुल यादव, अनुज यादव, अरमान वानखेड़े, रज्जु सराफ, देवकी पटेल, अंकुर गुप्ता, सुमित गुप्ता, विनय पटेल, सक्षम यादव, मोहित सुफेले, टीकाराम कोष्ठ, गुरुदयाल नीखरा, राजेश पटेल, श्याम सोलंकी, ऋषभ मिश्रा, अभिषेक यादव, रंबल विश्वकर्मा, समर्थ मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, विक्रम ठाकुर, असलम खान, अनुज श्रीवास्तव, अमर चंद बाबरिया, राजकुमार सोनी, अनुज मिश्रा, दीपमाला सिलावट, इन्दुमती बाला, जय ठाकुर, सचिन रजक, मोनू खंडेलवाल, श्याम कोरी, आनंद यादव, पूनम सोनकर, रमेश बैन, विष्णु विनोदिया, राकेश चक्रवर्ती, राहुल रजक, देवेंद्र काली, राज पटेल, राहुल अहिरवार सहित कांग्रेस कमेटी, NSUI, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।