दमोह-पन्ना मार्ग पर हिनौता में मेगा जाम, घंटों थमा रहा यातायात

दमोह। हटा–पन्ना स्टेट हाईवे पर स्थित हिनोता गांव में सड़क निर्माण कार्य के चलते बुधवार शाम करीब 4 बजे अचानक भीषण जाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मार्ग जाम से जकड़ गया।

एम्बुलेंस और यात्री बसें भी फंसीं

इस दौरान डायल 112, एम्बुलेंस, यात्री बसें और निजी वाहन भी जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक रास्ते में फंसे रहे, वहीं मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस के फंसने से स्थिति और चिंताजनक हो गई।

जाम के दौरान वाहनों के बीच में एक एम्‍बुलेंस भी फंसी रही।

पुलिस की तत्परता से खुला जाम

जाम की सूचना मिलते ही गैसाबाद थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरक्षक सोनू कुर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए एक-एक कर वाहनों को व्यवस्थित कराया और यातायात को सुचारू रूप से चालू करवाया। पुलिस की तत्परता से धीरे-धीरे जाम खुल सका।

निर्माण कार्य बना जाम का कारण

जानकारी के अनुसार हिनोता नगर में पिछले कई दिनों से सीसी सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान सड़क का एक बड़ा हिस्सा अवरुद्ध रहने से यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही कार्य की धीमी गति और उचित ट्रैफिक प्रबंधन के अभाव में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, जो बुधवार को मेगा जाम में बदल गई।

जाम के दौरान वाहनों के बीच में एक डायल 112 वाहन भी फंसा रहा।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन से की गई मांग

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

आगे भी बन सकती है ऐसी स्थिति

फिलहाल पुलिस द्वारा जाम खुलवा दिया गया है और यातायात सामान्य हो गया है, लेकिन निर्माण कार्य जारी रहने के कारण आगे भी ऐसी स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button