
हटा। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी एवं रक्षाबंधन पर्व को लेकर रविवार को थाना परिसर गैसाबाद में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में थाना प्रभारी सौरभ शर्मा एवं मुराछ चौकी प्रभारी बी.एस. हजारी ने उपस्थित नागरिकों से सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हैं, इसलिए सभी नागरिक मिल-जुलकर पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और क्षेत्र की सामाजिक एकता बनाए रखने में सहयोग करें।
नागरिकों ने दिए सुझाव
शांति समिति की बैठक में थाना क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी आगामी त्योहारों को लेकर अपने सुझाव रखे। बैठक में लक्ष्मण तिवारी, नेतराम पटेल, विनोद अहिरवार, अजीज खां, जुम्मन खां, लल्लू खां, जितेंद्र चौरसिया सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।
नागरिकों ने त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उपस्थित लोगों ने प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर सहमति जताई।
गणेश विसर्जन को लेकर भी मंथन
बैठक में आगामी गणेश विसर्जन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यारमा नदी में विसर्जन घाट की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर नागरिकों ने सुझाव दिए। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रहे, इसको लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में मौजूद नागरिकों ने त्योहारों के दौरान प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही। अधिकारियों ने भी नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन पर सहमति
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने पर सहमति जताई। पुलिस एवं प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
रिपोर्ट: जिमी नगरिया