सामाजिक समरसता ही संत गुरु रविदास जी का सच्चा अनुसरण

गुरु पूर्णिमा पर संत रविदास मंदिर सहित 18 मंडलों में 270 स्थानों पर मनाया गया दीपोत्सव

जबलपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन भारतीय जनता पार्टी जबलपुर द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। गुरु रविदास के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर समाज में समरसता, सद्भाव की प्रार्थना की गई। दीपोत्सव के साथ भारतीय जनता पार्टी द्वारा समरसता संकल्प अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। महानगर के 18 मंडलों में 270 स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा दीपोत्सव मनाया गया।

अभियान के अंतर्गत सभी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थितजनों ने सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं राष्ट्रहित के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

संत रविदास जी का जीवन समानता और मानवता का प्रतीक

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समानता, मानवता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समरस एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। संत रविदास जी का संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है। समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करना ही उनका सच्चा अनुसरण है।

श्री रत्नेश सोनकर ने कहा कि दीपोत्सव केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि यह अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और सामाजिक भेदभाव मिटाने का संकल्प है। रविदास जी का मार्ग ही समरस समाज की नींव है।

उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का पर्व नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का भी अवसर है। संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर समरसता संकल्प अभियान का प्रारंभ हुआ है और जबलपुर में 270 स्थानों पर भाजपा ने दीपोत्सव कार्यक्रम किया है।

20 फरवरी तक चलेंगे सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम

श्री रत्नेश सोनकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संत रविदास जी के विभिन्न स्थानों को संरक्षित करने का काम हो रहा है। सामाजिक समरसता हेतु भारतीय जनता पार्टी वृहद स्तर पर इस अभियान को चलाकर संत रविदास जी से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी, जो आगामी 20 फरवरी तक संपन्न होंगे।

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज बिज, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, सोनू बचवानी, श्रीराम शुक्ला, योगेंद्र राजपूत, रीना राय, रवि शर्मा, संतोषी ठाकुर, जागेश समुंदरें, संतोष झारिया, राजेंद्र चौधरी, जयेश टीटू सोनकर, रवि मोहन संतोषी, गोपाल चौधरी आदि उपस्थित थे।

संत रविदास जी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ दीपोत्सव

संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरु पूर्णिमा से रविदास जयंती तक संत रविदास जी महाराज के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुरु पूर्णिमा महोत्सव से अभियान का शुभारंभ किया गया। मंदिरों में संतों की चरण वंदना, पूजन-अर्चन और आरती के साथ संत रविदास जी महाराज के जीवन चरित्र पर परिचर्चा हुई।

108 दीप प्रज्ज्वलित कर लिया समरसता का संकल्प

सामाजिक समरसता और संस्कारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए आचार्य श्री विद्यासागर मंडल भाजपा जबलपुर महानगर के तत्वावधान में श्री दुर्गा हनुमान मंदिर, सरस्वती कॉलोनी, चेरीताल में 108 दीप प्रज्ज्वलित करके पूजन-अर्चन किया गया।

इस अवसर पर पं. वीरेंद्र दुबे, मंडल अध्यक्ष दिलीप पटेल, पार्षद प्रतिभा भापकर, अरविंद गुप्ता, अभय कुमार, नरेंद्र खरे, आशीष चौधरी, सुनील रजक, राजेन्द्र व्यौहार, दीपक सतनामी, नितिन पांडे, राजेश शर्मा, विध्येश भापकर, शंकर चौधरी, गैबी चौधरी, करन चौधरी, बल्लू पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button