जबलपुर में गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी का जन्मोत्सव: सेवा, साधना और सत्संग के साथ मनाया गया

जबलपुर। मदन महल स्थित शारदा मंदिर के समीप आर्ट ऑफ लिविंग के ज्ञान क्षेत्र में गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी का 70वां जन्मोत्सव सेवा, साधना और सत्संग के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

सामूहिक साधना और गुरुपूजन से हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार सुबह सामूहिक साधना और गुरुपूजन के साथ हुई। साधना के माध्यम से उपस्थित लोगों ने ध्यान और आत्मिक शांति का अनुभव किया। इस दौरान गुरुदेव के बताए मार्ग पर चलने और जीवन में सकारात्मकता लाने का संदेश दिया गया।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

इसके बाद कदम संस्था और आर्ट ऑफ लिविंग जबलपुर के स्वयंसेवकों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

जेल में सत्संग, कैदियों को बताया ध्यान और योग का महत्व

कार्यक्रमों की श्रृंखला में जबलपुर केंद्रीय जेल में सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिरीन मां ने कैदियों को ध्यान और योग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया और उन्हें मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सेवा कार्यों के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस पहल को मानवता की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।

मानस भवन में भजन संध्या, हर्षल पुलेकर ने बांधा समां

शाम को मानस भवन में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मुंबई से आए सुप्रसिद्ध गायक हर्षल पुलेकर ने अपने भजनों की मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्म से सराबोर रहा। इस दौरान शहर के अनेक समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षक व स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button