जबलपुर में फूटी पाइपलाइन, घरों तक पहुंचा गंदा पानी, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आया निगम

जबलपुर। शहर के उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के राजीव गांधी वार्ड में दुर्गंधयुक्त पानी आने से हड़कंप मच गया। त्रिमूर्ति नगर, एफसीआइ लेन और शास्त्री नगर क्षेत्र के लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कर मामले को उजागर किया। सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद निगम का अमला मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को सुधारा गया।

नाले की सफाई के दौरान जेसीबी के पंजे की चपेट में आने से नाले के भीतर से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। बुधवार सुबह जलापूर्ति शुरू होने पर लीकेज के कारण नाले का गंदा पानी पाइपलाइन में मिलकर लोगों के घरों तक पहुंच गया।

पहले बहाया पानी, फिर खाली करनी पड़ी टंकियां

शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समस्या समझकर काफी देर तक पानी बहाया, लेकिन जब स्थिति नहीं सुधरी तो चिंता बढ़ गई। कई घरों में मोटर चलाकर पहले ही पानी की टंकियां भर ली गई थीं। बाद में पता चला कि टंकियों में भी दूषित पानी भर गया है। इसके बाद लोगों को पूरा पानी फेंकना पड़ा और टंकियों की सफाई करानी पड़ी। कई परिवारों ने एहतियात के तौर पर वाटर फिल्टर और कूलर का उपयोग भी बंद कर दिया।

सोशल मीडिया पर शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से समस्या उजागर की और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद ने नगर निगम अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और नाले के भीतर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया गया है।

Back to top button