
जबलपुर। इंदौर से वसूली करने आए एक व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह मामला माढ़ोताल थाना क्षेत्र का था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से एक लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो दोपहिया वाहन और एक चाकू जब्त किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र पटेल, शरद बेन, बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना बेन, आलोक पांडे और रोहन उर्फ पुरोहित सिंह ठाकुर शामिल हैं।
मिर्च पाउडर फेंककर की लूट
पुलिस के अनुसार बिहार के गोपालगंज निवासी एवं वर्तमान में इंदौर के लसुड़िया क्षेत्र में रहने वाले अभय कुमार सिंह ने 7 जून को माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभय ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है और 6 जून को अपने साथी लखन चौरसिया के साथ जबलपुर में उधारी की राशि वसूलने आया था। मझौली क्षेत्र से उसने व्यापारी से दो लाख रुपये प्राप्त किए थे।
शाम के समय उसे एक परिचित के माध्यम से बस स्टैंड छोड़ने की व्यवस्था कराई गई। इसी दौरान सर्विस रोड पर पहुंचते ही एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उन पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर मारपीट की और दो लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बी.एस. गोठरिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
साथी ने ही रची साजिश
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़ित जिस युवक की मोटरसाइकिल पर सवार था, उसी राजेंद्र पटेल ने अपने साथियों आलोक पांडे, रोहन ठाकुर, शरद बेन और बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से एक लाख रुपये नकद, एक एक्सिस स्कूटर, एक एक्सट्रीम मोटरसाइकिल तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 का भी इजाफा किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस पूरी साजिश में इंदौर निवासी पीयूष पटेल की भूमिका भी सामने आई है। उसकी तलाश जारी है तथा अन्य बरामदगी के लिए गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया है।