
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने नरसिंहपुर जिले के भ्रमण के दौरान मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 220/132/33 केवी अति उच्च दाब सबस्टेशन रोंसरा, नरसिंहपुर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सबस्टेशन की व्यवस्थाओं, विद्युत आपूर्ति की स्थिति तथा संचालित कार्यों की जानकारी लेकर एमपी ट्रांसको अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत पालन पर जोर
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने सबस्टेशन की ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस गतिविधियों तथा विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता का जायजा लिया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
सबस्टेशन के पहुंच मार्ग के सुधार के दिए निर्देश
नरसिंहपुर बाईपास निर्माण के कारण 220 केवी सबस्टेशन रोंसरा के पहुंच मार्ग में उत्पन्न हुई समस्याओं पर प्रमुख सचिव ऊर्जा ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने मुख्य अभियंता (टेस्टिंग) श्री एम.वाई. मंसूरी से चर्चा करते हुए कहा कि यदि वर्तमान में सबस्टेशन तक सामान्य वाहनों की पहुंच में कठिनाई हो रही है, तो किसी आकस्मिक स्थिति में बड़े पावर ट्रांसफार्मर एवं अन्य भारी उपकरणों की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समीपस्थ नाले पर निर्मित पुल के पुनर्निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सबस्टेशन की एप्रोच रोड के शीघ्र सुधार के भी निर्देश दिए।
आगामी रबी सीजन की तैयारियों एवं ओपीजीडब्ल्यू नेटवर्क की समीक्षा
प्रमुख सचिव ऊर्जा ने जबलपुर एवं पिपरिया के मध्य स्थित इस महत्वपूर्ण सबस्टेशन के लोड प्रबंधन एवं वोल्टेज प्रोफाइल की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं तथा संभावित लोड का पूर्वानुमान तैयार किया जाए।
इस दौरान उन्होंने अधीक्षण अभियंता (टेस्टिंग) एन.एस. लोधी से एमपी ट्रांसको के ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर (ओपीजीडब्ल्यू) नेटवर्क, उसके लीजिंग कार्य तथा संबंधित सेवा प्रदाताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि ओपीजीडब्ल्यू नेटवर्क की उपलब्धता अधिकतम बनाए रखने के लिए सतत प्रयास किए जाएं, जिससे सेवा प्रदाताओं एवं उनके उपभोक्ताओं को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध हो सके।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (टेस्टिंग) एम.वाई. मंसूरी, अधीक्षण अभियंता (टेस्टिंग) एन.एस. लोधी, कार्यपालन अभियंता (टेस्टिंग) नरसिंहपुर रमेश सिंह, राजेश चतुर्वेदी तथा मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी नरसिंहपुर के अधीक्षण अभियंता नीलाभ श्रीवास्तव उपस्थित रहे।