
जबलपुर। प्रदेश में शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। संगठन की ओर से 27 सितंबर से भोपाल में संभागवार अनिश्चितकालीन धरना आयोजित किया जाएगा। जबलपुर संभाग के शिक्षक 28 सितंबर को भोपाल पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे।
मोर्चा का कहना है कि शिक्षकों की सेवा संबंधी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इन मुद्दों को लेकर शासन और संबंधित स्तरों पर समय-समय पर मांगें उठाई जाती रही हैं, लेकिन समाधान नहीं होने के चलते अब चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
वरिष्ठता का लाभ देने की मांग
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में नियुक्ति की मूल तारीख से वरिष्ठता का लाभ दिया जाना शामिल है। इसके साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले से कार्यरत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से छूट देने की मांग भी संगठन की ओर से की जा रही है।
मोर्चा की ओर से शिक्षकों पर लागू ई-अटेंडेंस व्यवस्था की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई जाएगी। इसके अलावा शिक्षक संवर्ग से जुड़े अन्य लंबित मामलों के निराकरण की मांग को भी आंदोलन के दौरान शासन के समक्ष रखा जाएगा।
28 सितंबर को भोपाल पहुंचेगा जबलपुर संभाग
मोर्चा पदाधिकारियों नरेन्द्र त्रिपाठी, उमाशंकर पटेल और दीपक पटेल ने बताया कि 28 सितंबर को जबलपुर जिले के साथ संभाग के अन्य क्षेत्रों से शिक्षक भोपाल पहुंचेंगे। संभागवार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक धरने और प्रदर्शन में शामिल होंगे।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
संगठन ने प्रदेश के शिक्षकों से आंदोलन में सहभागिता की अपील की है। मोर्चा के अनुसार 27 सितंबर से शुरू होने वाला अनिश्चितकालीन धरना मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक जारी रखा जाएगा।