
पवई (पन्ना)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। वार्ड क्रमांक-14 में किराए के मकान में रहने वाली 37 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे मौत के मामले से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
विवाद के बाद की गई हत्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर को आरोपी सुरेंद्र उर्फ सीताराम तिवारी, जो मृतिका रजनी के गांव का ही निवासी बताया जा रहा है, उनके किराए के मकान पर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने धारदार हथियार से रजनी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने की आत्महत्या
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। जहरीले पदार्थ के प्रभाव से उसकी भी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोले जाने पर कमरे के अंदर रजनी शुक्ला और आरोपी सुरेंद्र उर्फ सीताराम तिवारी के शव पड़े मिले।
एसडीओपी सहित पुलिस बल मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी भावना सिंह दांगी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल
इस हृदयविदारक घटना के बाद पवई क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा