
जबलपुर। ऑल प्रगतिशील पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश की ओर से पेंशनर्स की आठ सूत्रीय मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को भोपाल में आयोजित किए जा रहे धरना-प्रदर्शन को मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन ने समर्थन दिया है। धरना डॉ. अंबेडकर पार्क, पंचशील नगर, भोपाल में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री एवं मध्यप्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश डीपी पाठक ने कहा कि पेंशनर्स के हितों से जुड़े इस आंदोलन का फेडरेशन पूरी तरह समर्थन करता है। उन्होंने बताया कि ऑल प्रगतिशील पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक पवन शुक्ला, प्रांताध्यक्ष सुधीर दुबे सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में पेंशनर्स की समस्याओं और मांगों पर चर्चा के बाद समर्थन का निर्णय लिया गया।
फेडरेशन पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पेंशनर्स की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रदेश के विकास और प्रगति में पेंशनर्स ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय योगदान देते हुए बिताया है। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें अपनी मूलभूत समस्याओं और अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
ये हैं प्रमुख मांगें
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में पेंशनर्स को केंद्रीय तिथि से दो प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई राहत देने तथा कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के साथ ही पेंशनर्स की महंगाई राहत के आदेश जारी करने की मांग शामिल है। इसके अलावा पेंशनर की मृत्यु होने पर आश्रित को 1.25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मांग की गई है।
30 जून और 31 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को एक वेतनवृद्धि का लाभ एरियर्स सहित देने, 14 हजार रुपये से कम आय वाले पेंशनर्स के बेरोजगार बच्चों को पीला राशन कार्ड उपलब्ध कराने तथा मध्यप्रदेश विद्युत मंडल से सेवानिवृत्त एवं ऊर्जा क्षेत्र की बिजली कंपनियों के पेंशनर्स की पेंशन की गारंटी राज्य सरकार द्वारा लेने की मांग भी शामिल है।
इसके साथ ही 1 जुलाई 2023 से पहले आदिम जाति एवं शिक्षा विभाग के शिक्षकों को चतुर्थ वेतनमान का लाभ देने, पेंशनर्स के हित में जारी आदेशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित कराने तथा आदिम जाति कल्याण एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के समान नगदीकरण का लाभ देने की मांग की गई है।
धरने का नेतृत्व संरक्षक पवन शुक्ला, प्रांताध्यक्ष सुधीर दुबे और कार्यकारी प्रांताध्यक्ष महावीर सिंह सिकरवार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी करेंगे। संगठन ने प्रदेशभर के पेंशनर्स से अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर धरने में शामिल होने की अपील की है।