राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों दिए जाएंगे 20 गोल्ड मेडल, 21 जून को होगा रादुविवि का दीक्षा समारोह

जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का शनिवार की शाम को जबलपुर आगमन होगा। कल 21 जून को रादुवि विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षा समारोह में वे मुख्य अतिथि होंगी। राष्ट्रपति के हाथों 20 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। दीक्षा समारोह की रादुविवि में शनिवार को अंतिम रिहर्सल होगी, जिसमें सभी अधिकारी, गोल्ड मेडल विजेता और उपाधिधारक पूर्ण गणवेश में शामिल होंगे।

इस तरह रहेगा कार्यक्रम

राष्ट्रपति वायुसेना के विशेष विमान से शनिवार की शाम 6.20 बजे जबलपुर आएंगी। दूसरे दिन 21 जून को वे सुबह 7.05 बजे सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड रवाना होंगी। वहां आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। राष्ट्रपति 11.30 बजे से 12.50 बजे तक रादुविवि के दीक्षा समारोह में शामिल होंगी। दोपहर 12.50 बजे रादुविवि से जबलपुर एयरपोर्ट रवाना होंगी। वहां से वे वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर रवाना होंगी।

ये राष्ट्रपति अब तक आ चुके जबलपुर

– राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद 28 अक्टूबर 1948 को आए। जब वे आए तब राष्ट्रपति नहीं थे, लेकिन उनका नाम पहले राष्ट्रपति के लिए प्रस्तावित था। उन्होंने शहीद स्मारक की आधारशिला रखी।

– डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन दो बार आए। पहली बार 1 मार्च 1958 को उपराष्ट्रपति रहते हुए जबलपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल हुए, राष्ट्रपति बनने के बाद वे 20 फरवरी 1965 को आए, कुछ समय के लिए जबलपुर में रुके, वे नागपुर जा रहे थे।

– डॉ. शंकरदयाल शर्मा 1997 में आए। वे जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के 50वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।

– प्रणब मुखर्जी 27 जून 2014 को आए। वे जवाहरलाल कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल हुए। वे 6 मार्च 2021 को दो दिवसीय दौरे पर जबलपुर आए, इस दौरान वे राज्य न्यायिक अकादमी में आयोजित परिचर्चा में शामिल हुए। मां नर्मदा की महाआरती में भी शामिल हुए।

– द्रौपदी मुर्मु 27 सितंबर 2023 को एक दिवसीय दौरे पर आई थीं, तब उन्होंने ट्रिपल आईटीडीएम परिसर से डिजिटली हाईकोर्ट की नई इमारत का शिलान्यास किया था।

Back to top button