
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी होंगे। विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगी। कोलकाता के कन्वेंशन हाल में विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल के नेता के रूप में उनके नाम की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि 8 प्रस्ताव आए थे जिनमें केवल एक ही नाम शुभेंदु अधिकारी का था। कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में सुबह 11 बजे 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई नेता उपस्थित रहेंगे।
अमित शाह का बड़ा संबोधन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नवनिर्वाचित विधायकों, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठिया मुक्त और सुरक्षित पश्चिम बंगाल बनाने का वादा है। शुभेंदु अनुभवी नेता हैं, वे टीएमसी के दोषों को भी जानते हैं। बीजेपी विधायक की जीत का औसत 28 हजार वोट मिला। 9 जिलों में दीदी की पार्टी का खाता नहीं खुला। ममता राज में राजनीति का अपराधीकरण हुआ। ममता राज में अपराधी ही राजनेता बन गए। ममता ने अपराधियों को नेता बनाया।
ममता सरकार के पास विजन नहीं था। महिला और नागरिक सुरक्षा पाताल तक पहुंची थी। महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता होगी। बंगाल में हिंसा, सिंडिकेट, कटमनी खत्म होगी। बंगाल में थिएटर इंस्टीट्यूट बनाएंगे। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की जनता को इतने बड़े बहुमत से भाजपा को जिताने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का अनर्गल आरोप लगाती रही है, लेकिन हम 2014 से शासन में हैं।
उसके पहले क्या तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी, तो क्या यह सब वोट चोरी के कारण नहीं बनी। उनके साथी ही तो उनके साथ इंडिया एलायंस में हैं। अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल मजबूत किला बनेगा, जहां कोई भी घुसपैठिया नहीं घुस पाएगा। अमित शाह ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक आज भाजपा की सरकार है। भाजपा के 3 से 207 विधायक हो गए हैं। 3 से 77 हुए और 77 से 207 की यात्रा भाजपा ने की।
शुभेंदु अधिकारी ने जताया आभार
शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा की जीत के लिए जनता का धन्यवाद किया। शुभेंदु अधिकारी के विधायक दल के नेता चुने जाने पर उनके घर में खुशी का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने उनके घर के सामने जश्न मनाया और मिठाई बांटी।
नंदीग्राम और भवानीपुर में जीत
मालूम हो कि सुवेंदु अधिकारी ने लगातार दो बार नंदीग्राम से चुनाव जीते। उन्होंने 2021 में ममता बैनर्जी को नंदीग्राम में हराया था। 2026 में भवानीपुर से ममता बैनर्जी को हराकर वे चुनाव जीते।